करवाचौथ से पहले उजड़ा सुहाग: हादसे में गई पति की जान, 10 महीने पहले हुई थी शादी, पढ़ें दर्दनाक कहानी का दुखद अंत

punjabkesari.in Sunday, Oct 05, 2025 - 01:23 PM (IST)

आगरा: जिले में मूर्ति विसर्जन करने के लिए गए सात लोगों की डूबने से मौत हो गई है। अब तक पांच शव को प्रशासन ने काफी खोजबीन के बाद बरामद कर लिया है। शेष की तलाश जारी है। गांव में मातम छाया हुआ है। जिन लोगों ने अपने को खोया है उनके लिए यह हादसा किसी बुरे सपने से कम नहीं है। इस हादसे में एक विवाहिता के पति की भी मौत हो गई है। इसी वर्ष फरवरी में मथुरा में रहने वाले चंचल के साथ हुई थी। हादसे से पहले पत्नी चंचल पहली करवाचौथ की तैयारी की जुटी हुई थीं। वह खरीदारी भी कर चुकी थीं। गुरुवार को हुए हादसे में पति भगवती की मृत्यु हो गई। पति की मृत्यु के बाद से चंचल का रो-रो कर बुरा हाल है। स्वजन उसे दिलासा दे रहे हैं।

आप को बता दें कि आगरा में उटंगन नदी में डूबे सात लोगों की तलाश के लिए अब पानी रोकने का काम शुरू किया गया है। उटंगन नदी पर तीन स्तर पर पानी रोका जा रहा है। मिट्टी डाल कर पानी रोका जा रहा है, इसके अलावा बोरी में मिट्टी भर कर नदी में डाला जा रहा है। नदी का पानी रोकने के साथ साथ नदी के किनारे पर एक वैकल्पिक रास्ता बनाया जा रहा है जिससे पानी दूसरी तरफ निकल जाए। इस पूरी कवायद को अंजाम देने के लिए छह जेसीबी मशीनें लगीं हुईं हैं। इसके अलावा गांव वाले भी मदद में जुट हैं। नदी का पानी जब पूरी तरह से रुक जाएगा। उसके बाद खुदाई करके लापता लोगों की तलाश की जायेगी। सेना के जवान के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें इस मिशन में जुटी हुई हैं। स्थानीय पुलिस और पीएसी के जवान भी लगातार जुटे हुए हैं।

गौरतलब है कि दो अक्टूबर को खेरागढ़ इलाके के खुशियांपुर गांव के रहने वाले कुछ लोग उटंगन नदी में मूर्ति विसर्जन करने के लिए गए थे। मूर्ति विसर्जन के दौरान 13 लोग नदी के पानी में डूब गए थे। रेस्क्यू करके गोताखोरों ने अब तक पांच शवों को नदी से निकाला गया है। मृतकों का अंतिम संस्कार भी हो गया। एक व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है। नदी के पानी में लापता सात लोगों की तलाश अभी भी जारी है। हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गहरा दु:ख व्यक्त किया था। मुख्यमंत्री योगी ने पुलिस प्रशासन को बचाव और राहत को लेकर सख्त निर्देश भी दिए हैं कि किसी भी तरह से कोई लापरवाही न हो। जिले के आला अधिकारी मौके पर लगातार कैंप किए हुए हैं और दूसरी तरफ सरकार नजर बनाए हुए है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static