मेरठ: अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष सहित 2 की मौत

punjabkesari.in Thursday, Oct 29, 2020 - 07:57 PM (IST)

मेरठ:  जिले के सरधना थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। घटना के चलते मकान में रखा सिलेंडर भी फट गया। तेज धमाके से कई मकान भर भराकर गिर गए। मकान ढहने से मलबे में दबकर गृह स्वामी व कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष सहित दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई मकानों का लेंटर गिरने से मलबे के नीचे दबकर दर्जनों लोग घायल हो गए। आला अधिकारी रेस्क्यू टीम के साथ राहत कार्य में जुटे हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक कस्बे के मोहल्ला पीर जादगान में रहने वाला आसिम कांग्रेस का पूर्व नगर अध्यक्ष था। कस्बावासियों के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब 9 बजे आसिम के मकान में तेज धमाका हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास का पूरा इलाका दहल उठा और कई मकानों के लेंटर गिर गए। वहीं, कई मकानों में दरार आ गई। घटना के चलते क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी के बाद आला अफसर मौके पर पहुंचे।

पुलिस और क्षेत्रवासियों ने घंटों मशक्कत करते हुए मलबे के नीचे दबे लगभग डेढ़ दर्जन लोगों को बाहर निकलवाकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि हादसे में मकान मालिक आसिम और उससे मिलने आए दोस्त कासिम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static