मिशन 2024: लोकसभा सीटों पर अब भाजपा भी सौंपेगी मंत्रियों को दोहरी जिम्मेदारी

punjabkesari.in Monday, Jan 30, 2023 - 08:39 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश की योगी सरकार सभी 75 जिलों का प्रभारी बनाए गए मंत्रियों को अब जल्द ही दोहरी जिम्मेदारी सौंपेगी। सरकार के इन मंत्रियों को अब भाजपा संगठन भी जिले का प्रभार देने की तैयारी कर रही है। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा सभी मंत्रियों को 80 लोकसभा सीटों पर संगठन की तैयारियों पर सघन निगरानी रखने के लिए मैदान में उतारेगी।

प्रदेश नेतृत्व ने मंत्रियों को प्रभार के साथ बनाई ये योजना
पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने मंत्रियों को प्रभार देने के साथ ही उनके कामों के लिए एक योजना बनाई है। इस योजना के तहत आवंटित किए गए संसदीय क्षेत्र में मंत्री हफ्ते में एक दिन जरूर प्रवास करेंगे। वह अपने संसदीय क्षेत्र में संगठन को मजबूती देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति से जुड़ी कई स्थितियों के लिए प्रेरित करेंगे।

PunjabKesari

गुजरात मॉडल की तर्ज पर हर बूथ के लिए बनेगी पन्ना समिति
इस बार भाजपा प्रदेश नेतृत्व गुजरात मॉडल पर चलकर हर बूथ पर पांच सदस्यीय पन्ना समिति का गठन कर रहा है। पूरे प्रदेश में लगभग ढाई करोड़ पन्ना समितियों में सदस्य रखे जाएंगे। समितियों का गठन हो जाने के बाद इसमें शामिल सदस्यों के साथ बैठकें कर उन्हें लगातार सक्रिय रखने की जिम्मेदारी भी मंत्रियों की होगी। मंत्री अपने संसदीय क्षेत्रों के सांसदों व विधायकों समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ आपसी सामंजस्य बनाते हुए उनके सुझावों पर अपनी रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश नेतृत्व को सौंपेंगे। ताकि जिन कमियों की तरफ जनप्रतिनिधियों का इशारा हो उसे चुनाव से पहले समय रहते पूरा किया जा सके।

PunjabKesari

यूपी की सभी 80 सीटों को जीतने का लक्ष्य
भाजपा ने 2019 में 80 में से 16 सीटें हारी थीं। बाद में हुए उपचुनाव में इनमें से आजमगढ़ और रामपुर की सीटें जीत ली थीं। पार्टी ने इस बार सभी 80 सीटों को जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। ऐसे में अब पार्टी बाकी 14 सीटों को जीतने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। इन हारी सीटों पर प्रदेश के केन्द्रीय मंत्रियों समेत दोनों उपमुख्यमंत्रियों को भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static