महावन थाने की कुर्सी पर बैठी 10वीं की छात्रा, एक दिन की थाना प्रभारी बनीं पद्माक्षी; समस्याएं सुनीं, समाधान का दिया भरोसा

punjabkesari.in Saturday, Sep 27, 2025 - 04:10 PM (IST)

Mathura News: मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत शनिवार को मथुरा के महावन थाने में एक प्रेरणादायक पहल की गई। कार्ष्णि इंटर कॉलेज में कक्षा दसवीं की छात्रा पद्माक्षी को एक दिन के लिए थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करना था।

कस्बे में पैदल गश्त... राहगीरों और महिलाओं से संवाद
बता दें कि सुबह 10 बजे से पद्माक्षी ने थाने का कार्यभार संभाला और पूरे दिन पूरी संजीदगी से विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने समाधान दिवस में लोगों की समस्याएं सुनीं और पुलिस अधिकारियों की तरह समाधान का आश्वासन भी दिया। थाने का निरीक्षण करने के बाद पद्माक्षी ने कस्बे में पैदल गश्त भी की। इस दौरान उन्होंने राहगीरों और खासतौर पर महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं को सुरक्षा संबंधी सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

अधिकारियों ने पद्माक्षी के हौसले की सराहना की
पद्माक्षी ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए बेहद प्रेरणादायक रहा। इससे उन्हें जिम्मेदारी और अनुशासन की अहमियत समझ में आई। उन्होंने अपने जीवन का लक्ष्य आईएएस अधिकारी बनना बताया ताकि समाज सेवा कर सकें और लोगों की समस्याओं का समाधान कर सकें। महावन थाना पुलिस और अन्य अधिकारियों ने भी पद्माक्षी के हौसले की सराहना की और कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्राओं को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी। पद्माक्षी ने अपने साथियों से भी आह्वान किया कि वे पढ़ाई में मेहनत करें और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static