प्रॉपर्टी डीलर अपहरण मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, सपा ब्लॉक प्रमुख का पति और देवर लखनऊ से गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, May 26, 2024 - 01:23 PM (IST)

कुशीनगर, (अनुराग तिवारी): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर थाना में दर्ज अपहरण और फिरौती के मामले में पुलिस ने कसया की ब्लॉक प्रमुख रीना यादव के पति मंदीप यादव और देवर संदीप यादव को रविवार की सुबह में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के घर से अपहृत व्यक्ति विनय को भी बरामद किया है।  सपा ब्लॉक प्रमुख का पति कसया पीडब्लूडी कार्यालय में मेट है। दोनों आरोपियों को पुलिस लेकर लखनऊ चली गई। पुलिस की मानें तो मामले में पूछताछ के बाद घटना के बारे में और खुलासा करेगी।

अपहरण कर आरोपी ने मांगी 61 लाख रुपये फिरौती 
दरअसल, लखनऊ के गोमतीनगर थाना क्षेत्र के विराट खंड के रहने वाले विनय सिंह 15 मई को सब्जी लाने के लिए निकले थे और देर शाम तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताई।  इसी बीच परिजनों के मोबाइल पर फोन विनय सिंह के अपहरण की जानकारी दी जाती है।  फोन करने वाला  61 लाख रुपये फिरौती की मांग करता है। पीड़ित परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। गोमती नगर एसओ दीपक पांडेय ने बताया कि विनय की पत्नी बिंदु सिंह की तहरीर पर गोमती नगर थाने में अज्ञात पर अपहरण और फिरौती मांगने का केस दर्ज किया गया था। मोबाइल की लोकेशन के आधार पर शुक्रवार की देर रात गोमतीनगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम कसया थाने पहुंची।

लखनऊ पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने बताया ब्लॉक प्रमुख के पति मंदीप यादव और देवर संदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया। अपहृत विनय सिंह आरोपी के घर मिला। अपहरण की घटना में शामिल ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि अमरजीत यादव समेत तीन और लोगों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन वे नहीं मिले। सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि गोमतीनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ अपहरण कर फिरौती मांगने का केस दर्ज है। लखनऊ क्राइम ब्रांच व गोमतीनगर थाने की पुलिस ने फिरौती मांगने वाले मोबाइल नंबर को ट्रेस करते हुए कुशीनगर पहुंची थी। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। विधिक कार्रवाई के बाद दोनो को जेल भेज दिया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static