भाजपा जो कहती है वो करके दिखाती है: लखनऊ में बोले राजनाथ सिंह- ‘अब भारत में रामराज्य हो कर रहेगा’

punjabkesari.in Wednesday, May 15, 2024 - 11:46 PM (IST)

Lucknow News: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है, भाजपा जो कहती है वह करके दिखलाती है। अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ में भाजपा प्रत्याशी के तौर पर एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि प्रदेश मुख्यमंत्री रहते जो कार्य वो न कर सके वह भी योगी आदित्यनाथ के करिश्माई नेतृत्व ने कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों की चर्चा न केवल देश में बल्कि पूरी दुनिया में हो रही है। अमीनाबाद में आयोजित रैली में पहुंचे राजनाथ सिंह आंध्र प्रदेश की एक रैली में आई पैरों में चोट के कारण संक्षिप्त भाषण ही दे सके। उन्होंने बताया कि ज्यादा देर तक खड़े रहने में वो असमर्थ हैं।
PunjabKesari
यूपी हमारे लिए गौरव का विषय बन गया
अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा कि सीएम योगी ने प्रदेश में करिश्माई काम किया है, जिसकी कल्पना नहीं की जा सकती। राजनाथ सिंह ने कहा कि किसी राज्य के विकास की पहली शर्त होती है कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करना। इस कार्य के लिए योगी जी की चर्चा पूरे भारत में और दुनियाभर में हो रही है। यूपी हमारे लिए गौरव का विषय बन गया है। योगी के नेतृत्व में लक्ष्य तय किया गया है कि प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाना है। ऐसा होने पर भारत को तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने से कोई रोक नहीं सकेगा।
PunjabKesari
अब भारत में रामराज्य हो कर रहेगा: राजनाथ
रक्षा मंत्री ने कहा कि अबतक हुई चार चरण की वोटिंग से जो रिपोर्ट हमें मिली है, उसके आधार पर हम 400 से अधिक सीटों के लक्ष्य को प्राप्त करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सबसे विश्वसनीय पार्टी है, जो कहती है वो करती है। 1951 से हम कहते रहे हैं कि संसद में जब हमें स्पष्ट बहुमत प्राप्त होगा तो हम क्या क्या करेंगे। 2014 में हमारी स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनी। हमने बहुमत मिलते ही कश्मीर से धारा 370 को समाप्त करने का काम किया। जम्मू कश्मीर का तेजी से विकास हुआ है। कांग्रेस की हुकूमत में हिन्दुस्तान का शायद ही कोई राज्य रहा हो जहां आतंकी घटना नहीं हुई। आज कश्मीर में एक दो बड़ी वारदात को छोड़कर देश में कहीं आतकी घटना नहीं हुई है। आज अयोध्या में राममंदिर बन गया है। राम अपनी कुटिया से भव्य मंदिर में विराजमान हो चुके हैं। अब भारत में रामराज्य हो कर रहेगा।
PunjabKesari
2027 तक भारत दुनिया की तीसरा सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बन जाएगा
उन्होंने कहा कि आज भारत की प्रतिष्ठा पूरी दुनिया में बढ़ी है। भारत के प्रति धारणा बदल चुकी है। दुनिया मान चुकी है कि भारत विश्व का ताकतवर देश बन चुका है। जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तब हमारा देश अर्थव्यवस्था के मामले में दुनिया में 11वें स्थान पर था, आज मोदी जी के नेतृत्व में हम पांचवें स्थान पर पहुंच गये हैं। दुनिया की बड़ी-बड़ी संस्थाएं कह रही हैं कि भारत सबसे तेजी से विकास कर रहा है। 2027 तक भारत दुनिया की तीसरा सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बन जाएगा।

उन्होंने अल्पसंख्यकों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि हम आपके दिल में दहशत नहीं विश्वास और मोहब्बत भर के समर्थन प्राप्त करना चाहते हैं। उन्होंने विपक्ष को सलाह देते हुए कहा कि सार्थक राजनीति करें और सच बोलें। जनता की आंख में धूल झोंकने वाली राजनीति करने की कोशिश न करें। राजनाथ सिंह ने कहा कि हम राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं करते। हम देश बनाने के लिए राजनीति करते हैं। राजनाथ सिंह ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जिमी कार्टर के शब्दों को दोहराते हुए कहा कि 'अगर भविष्य देखना हो तो भारत आओ, अगर भविष्य को महसूस करना चाहते हो तो भारत में आओ और अगर भविष्य में काम करना चाहते हो तो भारत आओ।' उन्होंने अपील की कि भारत को विश्व की महाशक्ति बनाना है तो भाजपा और एनडीए के पक्ष में मतदान करें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश सरकार में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, एमएलसी डॉ महेन्द्र सिंह, जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी त्यागी, एमएलसी और लोकसभा के संयोजक मुकेश शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, डॉ गुरमीत सिंह, बीजेपी के पदाधिकारी और पार्षद सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static