RLD नेता ने अपने काफिले पर हमले के लिए भतीजों पर लगाया आरोप: पुलिस

punjabkesari.in Monday, Dec 06, 2021 - 05:52 PM (IST)

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर के सदर ब्लॉक के पूर्व प्रमुख हाजी यूनुस ने अपने चार भतीजों पर उनपर हमला करने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। रविवार शाम को अज्ञात हमलवारों ने यूनुस के काफिले पर हमला कर उनके एक साथी की गोली मारकर हत्या कर दी थी और पांच अन्य हमले में जख्मी हुए थे।

बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संतोष कुमार सिंह ने बताया कि यूनुस ने उनके काफिले पर हमला करने की साजिश रचने के आरोप में छह लोगों को नामज़द किया है, जिसमें उनके चार भतीजे शामिल हैं। उनका आरोप है कि उन्होंने आठ से 10 अज्ञात लोगों के साथ मिलकर हमला किया। एसएसपी ने बताया कि अपनी शिकायत में यूनुस ने कहा कि उनके भतीजों अनस, दानिश, ज़ैद और असद ने अपने दोस्त, नवेद व हारिस के साथ मिलकर हमले की साजिश रची। उन्होंने आरोप लगाया कि वह अपने बड़े भाई हाजी अलीम और उनकी पत्नी रिहाना की हत्या का मुकदमा लड़ रहे हैं, जिसमें उनके भतीजों की संलिप्तता है। यूनुस बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व नेता हैं और शनिवार को ही राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) में शामिल हुए थे। सिंह ने कहा कि अनस अपने पिता अलीम की हत्या में कथित भूमिका के लिए पिछले डेढ़ साल से बुलंदशहर जेल में बंद है, जबकि वह और उसके अन्य भाई अपनी मां रिहाना की हत्या के आरोपों का भी सामना कर रहे हैं।

एसएसपी ने कहा कि यूनुस ने अपनी शिकायत में जिन छह लोगों को नामज़द किया है, उनमें से दो तो हमले से एक दिन पहले यानी शनिवार को ही देश से चले गए हैं, जबकि अन्य के बारे में भी शक है कि वे भी देश छोड़ने की फिराक में हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनके खिलाफ लुक-आउट नोटिस जारी कर दिया है। यूनुस का काफिला रविवार शाम को भाजपुरा गांव में शादी समारोह से लौट रहा था, तभी करीब आठ से 10 बंदूकधारियों ने हमला कर दिया, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई और पांच अन्य जख्मी हो गए। यूनुस के सुरक्षा कर्मियों ने जवाबी गोलीबारी की, जिस वजह से हमलावरों को भागना पड़ा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static