होली पर डबल मर्डर से दहशत : चाचा-भतीजे की मौत से दहला इलाका! अंधाधुंध गोलियां बरसा कर हत्याकांड को दिया अंजाम

punjabkesari.in Thursday, Mar 13, 2025 - 02:27 PM (IST)

बरेली (जावेद खान) : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र के घारमपुर गांव में गुरुवार सुबह बाइक सवार चाचा-भतीजे पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दोहरे हत्याकांड से इलाके में दहशत का माहौल है। 

नजदीक से की गई फायरिंग से मौके पर ही मौत
मृतकों की पहचान दौलत खां उम्र 50 साल और भतीजे रहीस खां उम्र 32 साल के रूप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों चाचा-भतीजे गुरुवार सुबह बाइक पर सवार होकर खेत की ओर जा रहे थे। तभी हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बता दें कि हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को दी। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। जिसके बाद मामले की जांच शुरू हुई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं। जिससे स्पष्ट है कि फायरिंग काफी नजदीक से की गई थी।

दौलत खां खुद भी एक दोहरे हत्याकांड का आरोपी 
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दौलत खां खुद भी एक दोहरे हत्याकांड का आरोपी था। वह बीते साल ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। साल 2019 में हुए एक हत्याकांड के बाद से उसके परिवार की कुछ लोगों से रंजिश चल रही थी। पुलिस ने हत्याकांड के पीछे संभावित आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद से ही पुलिस ने पूरे इलाके में गश्त बढ़ा दी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static