VHP के नए अध्यक्ष 23 अप्रैल को आएंगे अयोध्या, करेंगे रामलला के दर्शन

punjabkesari.in Tuesday, Apr 17, 2018 - 08:27 AM (IST)

लखनऊ: विश्व हिन्दू परिषद के नवनिर्वाचित अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व राज्यपाल विष्णु सदाशिव कोकजे 23 अप्रैल को अयोध्या आएंगे। वह यहां पर रामलला का दर्शन करेंगे, साथ ही संत व धर्माचार्यों से संगठन को मजबूत बनाने का आशीर्वाद भी लेंगे।

यह जानकारी विश्व हिन्दू परिषद के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने दी। शर्मा ने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के प्रति सदैव जागरूक रही है। संगठन के पदाधिकारियों ने इसे अपनी ऊर्जा से धार प्रदान की है। संतों के मंत्र को आत्मसात करते हुए संगठन तंत्र लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में 14 अप्रैल को हरियाणा के गुरुग्राम में आयोजित विश्व हिन्दू परिषद की अन्तर्राष्ट्रीय बैठक में निर्वाचित हुए विहिप के अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु सदाशिव कोकजे का अयोध्या में प्रथम आगमन हो रहा है।

प्रांतीय मीडिया प्रभारी ने बताया कि वह 22 अप्रैल की देर रात अयोध्या पहुंचेंगे। 23 अप्रैल को प्रात: वह सरयू स्नान के उपरांत श्रीरामलला व हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद सुग्रीव किला पर पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य पुरुषोत्तमाचार्य महाराज की उपस्थिति में संत-धर्माचार्यों का भी आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि कोकजे के अयोध्या आगमन के दौरान विहिप के उपाध्यक्ष चंपत राय, पूर्व संगठन महामंत्री दिनेश चंद्र सहित अनेक केंद्रीय व प्रांतीय पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News

static