परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़, ओमान में मजदूरी करने गए 24 वर्षीय युवक की मौत, पिता ने एजेंट पर लगाए गंभीर आरोप

punjabkesari.in Tuesday, Sep 30, 2025 - 01:30 PM (IST)

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक दुखद खबर आई है। यहां पर बड्डूपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला 24 वर्षीय सुफियान कुछ महीने पहले एजेंट के जरिए कर्ज लेकर मजदूरी करने ओमान विदेश गया था। परिवार को उम्मीद थी कि विदेश जाकर वह अच्छे पैसे कमाएगा और घर की आर्थिक स्थिति सुधार देगा। लेकिन शायद भगवान को कुछ और ही मंजूर था। बताया जा रहा है कि ओमान में उसका शव फंदे से लटका हुआ मिला। जब यह खबर परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया।

मृतक को कई दिन तक रखा गया भूखा
मृतक के पिता ने एजेंट पर धोखा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वहां पर उसे मजदूरी के बजाय टॉयलेट साफ कराने पर मजबूर किया गया। कई-कई दिन तक उसे भूखा रखा गया। पांच दिन पहले सुफियान का शव फांसी के फंदे पर पाया गया। पिता ने कहा कि उनका बेटा फांसी नहीं लगा सकता था। उन्होंने साफ कहा कि उनकी हत्या की गई और उसके बाद शव को फांसी के फंदे पर लटका कर वीडियो भेजा गया ताकि यह दिखाया जा सके कि सुफियान ने खुद अपनी जीवन लीला समाप्त की है। अपमान और मजबूरी से टूटे सुफियान के साथ जो हुआ वह परिवार के लिए सब्र का पहाड़ बन गया।

बेटे का शव लाने के लिए सीएम योगी से पिता ने लगाई गुहार
सुफियान की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिता लगातार 5 दिनों से बेटे का शव वापस अपने देश लाने के लिए स्थानीय प्रशासन, एजेंटों और विदेश मंत्रालय के चक्कर काट रहे हैं। अब तक उन्हें कोई ठोस मदद नहीं मिल सकी है। परिवार मांग कर रहा है कि बेटे का शव जल्द से जल्द भारत लाया जाए और दोषी एजेंटों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने सीएम योगी से मांग की है कि बेटे का शव भारत लाया जाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static