ग्रेटर नोएडाः पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश की मौत, अन्य 2 फरार

punjabkesari.in Wednesday, Sep 20, 2017 - 01:47 PM (IST)

नोएडाः ग्रेटर नोएडा में एक व्यापारी के ड्राइवर के साथ मारपीट कर उसकी कार और नगदी लूट कर भाग रहे बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में गोली लगने से एक बदमाश की मौत हो गई जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर अन्य 2 साथी भागने में सफल रहे। इस दौरान पुलिस का एक जवान भी घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

क्या कहना है पुलिस का?
पुलिस अधीक्षक लव कुमार ने बताया कि दिल्ली निवासी एक व्यापारी का कार चालक विनोद बीती रात को उनकी होंडा सिटी कार लेकर गाजियाबाद गया था। वह राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 24 होते हुए दिल्ली लौट रहा था। थाना सेक्टर 58 क्षेत्र में बाइक पर आए 3 हथियारबंद लुटेरों ने ओवरटेक कर उसकी कार रूकवाई और उसे पीटा। इन लुटेरों ने चालक से कार तथा उसमें रखे 1.5 रुपए नगद छीने और भाग निकले। जिसके बाद कार चालक ने पुलिस को घटना की सूचना दी।

कार चालक ने पुलिस को सूचित किया 
एसएसपी ने बताया कि पूरे जनपद की पुलिस को सूचना दे दी गई। इस बीच लुटेरे ग्रेटर नोएडा की तरफ भागे। पुलिस ने इन लोगों को थाना बिसरख क्षेत्र में देखा। रोकने का प्रयास करने पर इन लोगों ने पुलिस पर गोली चलाई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया। उसे नोएडा के जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी 
उन्होंने बताया कि मृतक को 3 गोली लगी थी। उसकी पहचान अलीगढ़ निवासी बाबैन्दर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि बाबैन्दर पर अलीगढ़ में लूटपाट, हत्या के प्रयास, रंगदारी मांगने के कई मामले चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि अन्य लुटेरों की तलाश जारी है। बदमाश के अन्य साथियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static