आगरा में होगी अखिलेश की ''ताज पोशी'', राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर लगेगी मुहर

punjabkesari.in Thursday, Sep 14, 2017 - 01:29 PM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय सम्मेलन आगरा में होने जा रहा है। जो कि अक्तूबर के पहले हफ्ते में होगा। इसके साथ ही अखिलेश यादव के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर मुहर भी लग जाएगी। इस सम्मेलन में देश भर के पार्टी प्रतिनिधि विशेष अधिवेशन के उस प्रस्ताव पर मुहर लगाएंगे जो 2017 जनवरी में लखनऊ में बुलाया गया था।

5 साल का होगा कार्यकाल
गौरतलब है कि इसी अधिवेशन में पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव को पार्टी का राष्ट्रीय संरक्षक बनाया गया था और अखिलेश को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर बैठाया गया था। पार्टी का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष 5 साल के लिए बनेगा क्योंकि पिछले दिनों पार्टी के संविधान में बदलाव कर राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और कार्यकारिणी का कार्यकाल 3 साल से बढ़ाकर 5 साल कर दिया गया है।

5 अक्तूबर को होगा राष्ट्रीय अधिवेशन
पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा के मुताबिक राष्ट्रीय अधिवेश से पहले अगामी 23 सितम्बर को राज्य स्तरीय अधिवेशन का आयोजन राजधानी लखनऊ में किया जाएगा। इस अधिवेशन में प्रदेश से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन 5 अक्टूबर को आगरा में होगा।

नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की होगी ताजपोशी
सूत्रों के मुताबिक पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता अखिलेश यादव के नेतृत्व में ही अगला नगर निगम और लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। वहीं, इससे पहले 23 सितंबर को लखनऊ में होने वाली पार्टी के राज्य स्तरीय अधिवेशन में पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना जाएगा।

बता दें कि अखिलेश के चाचा शिवपाल सिंह यादव को यूपी विधानसभा चुनाव से पहले हटाकर नरेश उत्तम को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। अब देखने वाली बात होगी कि सपा का नया प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा, वहीं इस पद के लिए कई दिग्गज नेता जोड़-तोड़ में जुटे हुए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static