हापुड़ में नशे के आदी शख्स के पेट से निकले 29 चम्मच, 19 टूथब्रश और 2 पेन; ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर भी रह गए दंग
punjabkesari.in Thursday, Sep 25, 2025 - 02:49 PM (IST)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां 40 साल के सचिन नाम के शख्स के पेट से डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर 29 स्टील के चम्मच, 19 टूथब्रश और 2 नोकदार पेन निकाले हैं। यह देखकर अस्पताल के डॉक्टर भी चौंक गए।
पूरा मामला क्या है?
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सचिन बुलंदशहर का रहने वाला है और लंबे समय से नशे का आदी था। परिजनों के बहुत समझाने के बाद उसे बुलंदशहर के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया। लेकिन सचिन इस बात से नाराज था। गुस्से में उसने नशा मुक्ति केंद्र में रहते हुए स्टील की चम्मच, टूथब्रश और पेन खाना शुरू कर दिया। कुछ दिन बाद उसे तेज पेट दर्द होने लगा। परिजनों ने तुरंत उसे हापुड़ के देवनंदिनी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने जांच की तो पेट में इतनी सारी धातु की चीजें देख कर हैरान रह गए।
डॉक्टर की टीम ने तुरंत किया ऑपरेशन
डॉक्टर श्याम कुमार की टीम ने तुरंत ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के दौरान सचिन के पेट से कुल 29 स्टील के चम्मच, 19 टूथब्रश और 2 नोकदार पेन निकाले गए। डॉक्टर श्याम कुमार ने बताया कि ऐसी समस्या आमतौर पर उन लोगों में होती है जिनमें मानसिक या साइकोलॉजिकल परेशानी होती है। सचिन के मामले में भी यही बात देखने को मिली।
अब स्वस्थ है सचिन
ऑपरेशन के बाद सचिन की हालत अब ठीक है और उसे अस्पताल से घर भेज दिया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि सचिन का सही इलाज और मनोवैज्ञानिक मदद जरूरी है ताकि वह इस तरह की आदत से बाहर आ सके।