अखाड़ा परिषद ने की अशोक सिंघल को भारत रत्न देने की मांग

punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2020 - 07:36 PM (IST)

प्रयागराज: अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने अयोध्या में श्रीराम जन्म भूमि आन्दोलन के महानायक और विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के अन्तररष्ट्रीय अध्यक्ष रहे स्वर्गीय अशोक सिंघल को देश का सर्वोच्च सम्मान ‘‘भारत रत्न'' दिए जाने की मांग की है। साधु संतों की सर्वोच्च संस्था अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेन्द्र गिरी ने बुधवार को यहां कहा कि जिस तरह देश की आजादी में योगदान के लिए महात्मा गांधी को राष्ट्र पिता की उपाधि दी गई है उसी तरह से हिन्दू हृदय सम्राट और श्री‘राम मंदिर आन्दोलन के महानायक रहे स्वर्गीय अशोक सिंघल को भी ‘‘भारत रत्न'' से सम्मानित किया जाना चाहिए।

महंत नरेन्द्र गिरी ने कहा है कि अखाड़ा परिषद की आगामी बैठक में सभी तेरह अखाड़ों के साधु संत मिलकर श्री सिंघल को ‘भारत रत्न' दिए जाने को लेकर प्रस्ताव पास करेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखेंगे।महंत ने स्वर्गीय अशोक सिंघल को सद्गृहस्थ संत बताते हुए कहा है कि उन्होंने राम मंदिर आन्दोलन के जरिए न केवल देश भर के साधु संतों को एक जुट किया बल्कि सनातनियों में राष्ट्र के प्रति चेतना भी जगायी। जिसके परिणामस्वरुप ही राम मंदिर आन्दोलन जन आन्दोलन बना और अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनने का उनका सपना भी साकार होने जा रहा है।

अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष ने कहा है कि श्री सिंघल सभी साधु संतों का सम्मान करते थे और उन्होंने अपना पूरा जीवन भगवान राम के लिए समर्पित कर दिया, इसलिए उन्हें ‘भारत रत्न' से सम्मानित किए जाना चाहिए। गौरतलब है कि राम जन्मभूमि आन्दोलन से जुड़े रहे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या भी स्वर्गीय अशोक सिंघल को ‘भारत रत्न' दिए जाने का समर्थन कर चुके हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Ramkesh

Recommended News

Related News

static