सस्ते जनरेटर के नाम पर मौत का जाल! साइबर ठगों ने बुलाया जयपुर, फिर BJP नेता और मिस्त्री की कुएं में मिली लाशें; मचा कोहराम

punjabkesari.in Friday, Sep 26, 2025 - 12:35 PM (IST)

Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रहने वाले बीजेपी किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अशोक सिंह और उनके मिस्त्री विकास सिंह की राजस्थान में हत्या कर दी गई। दोनों के शव राजस्थान के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग कुओं से बरामद किए गए हैं। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है।

कैसे फंसे ठगों के जाल में?
जानकारी के मुताबिक, अशोक सिंह को एक ऑनलाइन साइट पर 9 लाख का जनरेटर सिर्फ 3.5 लाख रुपए में मिलने का झांसा दिया गया था। इसे सच मानकर वो 19 सितंबर को अपने मिस्त्री विकास के साथ जयपुर रवाना हो गए। दो दिन तक संपर्क बना रहा, लेकिन फिर दोनों के मोबाइल बंद हो गए और परिवार को अनहोनी की आशंका होने लगी।

मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग
परिजनों की शिकायत पर बलिया पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर मोबाइल लोकेशन ट्रेस करवाई। आखिरी लोकेशन राजस्थान के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में मिली। इसके बाद वहां स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई और तलाश शुरू हुई।

अलग-अलग कुओं से बरामद हुए शव
तलाश के दौरान पुलिस को सांसेडी और जौनाचया खुर्द गांवों के बीच एक खेत के कुएं से तेज बदबू आने की सूचना मिली। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कुएं से अशोक सिंह का शव बरामद हुआ। कुछ ही दूरी पर एक दूसरे कुएं से विकास सिंह का शव भी मिला।

जांच में जुटी पुलिस, साइबर ठगों पर शक
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, साइबर सेल की मदद से ठगी करने वाले ऑनलाइन गिरोह की तलाश की जा रही है।

अंतिम संस्कार और परिवार की पीड़ा
अशोक सिंह का अंतिम संस्कार लखनऊ के बैकुंठ धाम, गोमती नदी के किनारे किया गया। जबकि मिस्त्री विकास का अंतिम संस्कार बलिया में गुरुवार रात किया गया। पूरे गांव और भाजपा संगठन में शोक और आक्रोश का माहौल है।

क्या बोले अधिकारी?
शाहजहांपुर पुलिस का कहना है कि यह मामला ऑनलाइन साइबर ठगी से जुड़ा लग रहा है। कुछ संदिग्धों को चिन्हित किया गया है। जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static