फिल्मी स्टाइल में जाइलो कार लेकर भागे बाइक सवार बदमाश, वारदात CCTV में कैद
punjabkesari.in Friday, Dec 09, 2022 - 02:59 PM (IST)

कौशांबी(अखिलेश कुमार): उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में बाइक सवार बदमाश फिल्मी स्टाइल में दिन दहाड़े जाइलो कार लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने पहले जाइलो कार के सामने अपनी बाइक पलटा दी और कार सवार से पहले लड़ाई झगड़ा एवं मारपीट की। इसके बाद बदमाश कार लेकर फरार हो गए। वारदात नजदीक के ही एक पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दिनदहाड़े लूट की वारदात से हड़कंप मच गया।
फिल्मी स्टाइल में जाइलो कार लेकर भागे बदमाश
जानकारी मुताबिक कोखराज थाना क्षेत्र के शाखा बरीपुर के मजरा नथई का निवासी प्रदीप कुमार की बहन की ससुराल रामपुर सुहेला गांव है। प्रदीप अपने बहनोई की जाइलो कार कई दिन पहले घर लेकर चला गया था। वह कार देने के लिए गुरुवार को बहनोई के घर रामपुर सुहेला आ रहा था। कोखराज थाना क्षेत्र के बिसारा पेट्रोल पंप से दो बाइक सवार पेट्रोल डलाकर मंझनपुर की तरफ जाने लगे। फिल्मी स्टाइल में बाइक सवार बदमाशों ने जाइलो के सामने इसे पलटा दिया। बाइक सवार बदमाश प्रदीप को गाली गलौज देते हुए मारपीट करने लगे। जब तक प्रदीप एवं स्थानीय लोग कुछ समझ पाते। तब तक बदमाश चाबी छीनने के बाद कार लेकर फरार हो गए। उसके पीछे दोनों बाइक सवार बदमाश भी भाग गए। दिनदहाड़े लूट की खबर से इलाके में हड़कंप का माहौल हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना का पता लगते ही मौके पर पहुंची इलाकाई पुलिस
बताया जा रहा है कि लूट की खबर मिलते ही मौके पर इलाकाई पुलिस पहुंच गई। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला, जिसके बाद पुलिस लुटेरों की धरपकड़ में जुट गई। फिलहाल पुलिस को ना तो लूटी गई जाइलो कार मिली है, और ना ही एक भी बदमाश पकड़ में आया है। पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया है कि कोखराज थाना क्षेत्र में बीती शाम को लूट की घटना हुई है। हम लोग घटना के खुलासे में लगे हुए हैं। तीन टीम लगा दी गई है। जल्द ही लूट का सफल अनावरण किया जाएगा। हम लोगों को महत्वपूर्ण क्लू मिले हुए हैं। लूट के दौरान पैसे नहीं गए हैं। सिर्फ जाइलो कार ही लूटी गई है। पुलिस की मानें तो जल्द ही बदमाश एवं लूट की जाइलो कार को बरामद किया जाएगा।