14 साल की उम्र में प्रेम-जाल… शादी के बाद खुला खौफनाक राज! धर्म छुपाकर शोषण, दहेज से बेटी को बंधक बनाने तक; मुस्लिम महिला का हैरान करने वाला खुलासा!
punjabkesari.in Saturday, Nov 22, 2025 - 11:57 AM (IST)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक चौकाने वाला मामला सामने आया है। जहां सआदतगंज की एक मुस्लिम महिला ने अपने पति रंजीत कुमार और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने दावा किया कि उसके पति ने उसे धर्म छुपाकर प्रेम जाल में फंसाया, शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण किया और शादी के बाद भी उसे दहेज व धर्म परिवर्तन के लिए परेशान किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रंजीत कुमार और उसके परिवार के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुलाकात से शादी तक का झकझोर देने वाला मामला
महिला ने बताया कि साल 2008 में उसकी उम्र महज 14 साल थी जब उसकी रंजीत कुमार से मुलाकात हुई। आरोप है कि रंजीत ने उस समय अपना धर्म छिपाकर उसे बहला-फुसलाकर प्रेम जाल में फंसा लिया। कई साल तक शारीरिक शोषण करने के बाद, दबाव डालने पर 2020 में शादी हुई। शादी के बाद उसे पता चला कि रंजीत पहले से शादीशुदा था और 2019 में ही एक महिला से विवाह कर चुका था।
ससुराल में उत्पीड़न और धमकियां
महिला ने बताया कि ससुराल में उसके पति और उसके माता-पिता, जेठ-जेठानी ने उस पर 10 लाख रुपए दहेज लाने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसे गाली-गलौज और मारपीट का सामना करना पड़ा। इस दौरान युवती को बेटी हुई, लेकिन उत्पीड़न और बढ़ गया। पीड़िता के अनुसार, डेढ़ साल पहले विवाद के दौरान रंजीत ने उसके भाई लकी को असलहे के दम पर अपहरण कर लिया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। युवती ने कहा कि उसका पति और परिवार आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और पुलिस के साथ संबंध होने का दावा करते हैं।
बेटी का अपहरण और ससुराल से मारपीट
11 नवंबर को महिला अपने पति और बेटी के साथ मायके गई थी। बेटी को दवा लेने के बहाने रंजीत अपने साथ ले गया और वापस नहीं लाया। जब महिला अपने बेटी को वापस लेने पहुंची तो रंजीत के भाई अजीत और भाभी कंचन ने उसके साथ मारपीट की और गालियां दीं। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके जेवर छीन लिए गए। पीड़िता ने कहा कि रंजीत ने खुद भी स्वीकार किया है कि उसने कई लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर शोषण किया और धर्म परिवर्तन व दहेज के लिए परेशान किया।
पुलिस की कार्रवाई
सआदतगंज पुलिस ने रंजीत कुमार और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी है।

