लगातार गैंगरेप की शिकार महिला की पुलिस ने नहीं की सुनवाई, आहत होकर खुद को लगाई आग

punjabkesari.in Monday, May 13, 2019 - 05:25 PM (IST)

हापुड़ः हापुड़ में एक महिला के साथ हुई प्रताड़ना की कहानी किसी के भी रोंगटे खड़े कर देने वाली है। खुद को गैंगरेप पीड़ित बता रही महिला की मदद जब पुलिस ने नहीं की तो उसने आहत होकर खुद को आग के हवाले कर दिया। महिला 80 प्रतिशत जल चुकी है। पीड़िता दिल्ली के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध है और अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।

क्या है मामला?
मामला बाबूगढ़ थाना क्षेत्र का है। यहां शादी के बाद महिला को पति ने छोड़ दिया, इसके बाद उसके अपने ही पिता ने उसे 10 हजार में बेच दिया। बताया जा रहा है उसे खरीदने वाले ने कई जगह से उधार ले रखा था। जिसके एवज में वह महिला को उनके घर पर काम करने के लिए भेजता। जहां उसके साथ यौन हिंसा की जाती थी। इस प्रताड़ना से तंग आकर जब महिला ने पुलिस से गुहार लगाई तो वहां भी उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। आहत होकर उसने 28 अप्रैल को खुद को आग के हवाले कर दिया।

80 प्रतिशत झुलस चुकी महिला
बता दें कि महिला को गंभीर हालत में अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। महिला करीब 80 प्रतिशत झुलस चुकी है। पीड़िता के बयान की वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली महिला आयोग ने इसका संज्ञान लिया तो हापुड़ पुलिस भी हरकत में आई। आनन-फानन में पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता पर गांववालों और पति ने लगाए गंभीर आरोप
उधर, महिला के पति प्रमोद और ग्रामीणों की मानें तो पीड़िता गांव के ही रहने वाले कीर्ति के साथ करीब डेढ़ वर्ष पहले चली गई थी तभी से ही यह महिला गैंगरेप का आरोप लगा रही है। इस मामले में महिला द्वारा आरोपी बताए गए गोपाल का कहना है कि पीड़िता काफी शातिर किस्म की महिला है। जिसने अपने पहले पति के होते हुए उसे मरा बता कर हमारे गांव के प्रमोद से शादी कर ली थी। अब करीब डेढ़ वर्ष पूर्व ये महिला अपने पति व तीन बच्चों को छोड़ कर गांव के एक युवक के साथ फरार हो गई थी। इसके बाद वापस आकर ये महिला गांववालों पर झूठे आरोप लगा रही है।

क्या कहना है पुलिस का?
इस मामले में हापुड़ एसपी यशवीर सिंह का कहना है कि महिला की शिकायत पर पूर्व में भी कई बार जांच हो चुकी है, लेकिन घटना की पुष्टि नहीं हो सकी। एसपी के अनुसार, महिला अपने साथ उत्पीड़न और गैंगरेप की घटना को 5 साल पुरानी बता रही है। सभी घटनाएं अलग-अलग समय और अलग-अलग स्थानों की बताई गई हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में गांव के लोगों से भी बात की है, लेकिन किसी ने भी घटना की पुष्टि नहीं की।

उन्होंने कहा कि महिला के बयानों के आधार पर 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है, जांच के बाद अगर पीड़िता के आरोप सत्य पाए जाते हैं तो आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static