कृषि कानूनों का विरोध नहीं, CAA, NRC और 370 का छलक रहा दर्द: साक्षी महाराज

punjabkesari.in Wednesday, Jan 13, 2021 - 01:16 PM (IST)

उन्नाव: उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर साक्षी महाराज ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोलते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कृषि कानून के विरोध में प्रदर्शन को लेकर कहा कि किसान तो खेतों में काम कर रहा है। प्रदर्शन करने वालों में कुछ भटके हुए किसान हैं। कुछ लोग किसान नहीं, बल्कि बड़े व्‍यापारी हैं।

साक्षी महाराज ने कहा कि सही बात तो यह है किसान खेत में काम कर रहा है। अगर आपको किसान देखना है तो गंज मुरादाबाद में किसान सम्मेलन है, आप चलिए मैं दिखाऊंगा आपको। किसान खेतों में काम कर रहा है और जो लोग प्रदर्शन कर रहे हैं, उनमें कुछ भटके हुए किसान हैं और कुछ लोग किसान नहीं बहुत बड़े व्यापारी हैं। कोई 500 बीघे का जोतेदार है तो कोई 1000 बीघे का। ऐसे ही लोगों के पेट में दर्द है। सारे देश में आंदोलन केवल दो-तीन जगह हो रहा है। पंजाब से लोग आ रहे हैं सिंधु बॉर्डर पर, हरियाणा के बॉर्डर पर आ रहे हैं राजस्थान से, क्योंकि दोनों जगह ही कांग्रेस की सरकार है।

उन्होंने कहा कि विरोध कृषि कानूनों का नहीं है, बल्कि निशाना कहीं है और इरादे कुछ और हैं। यह दर्द CAA-NRC का है। अनुच्‍छेद 370 हटाने का दर्द है और जो अयोध्या में प्रभु राम का मंदिर बन रहा है उसका दर्द है। साक्षी महाराज ने कहा कि खिसियानी बिल्ली खंभा नोच रही है, वरना किसान तो खेतों में काम कर रहा है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि उन्होंने कहा कि अखिलेश जी पढ़े लिखे व्यक्ति हैं, मैं ज्यादा कुछ नहीं कह सकता उनके लिए, लेकिन, उनकी स्थिति भी दिग्भ्रमित जैसी है। अखिलेश जी कभी साधू महात्माओं के यहां जाते हैं, कभी राम भक्त होने का प्रदर्शन करते हैं तो कभी राम विरोधी होने का प्रदर्शन करते हैं। उनकी समझ में नहीं आता कि रास्ता कौन सा है। हम अखिलेश से विनम्र आग्रह करेंगे की रास्ता तय कर लें कि उन्हें राम के मार्ग पर चलना है या रावण के मार्ग पर। वह सही रास्ते पर चल नहीं सकते, लेकिन उन्हें सही रास्ते पर ही चलना चाहिए। सही मार्ग ही कल्याणकारी होता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static