सुभासपा ने बनाया MLC चुनाव में उम्मीदवार, सामान्य परिवार से आने वाले राजभर के करीबी...जानिए कौन हैं विच्छेलाल?

punjabkesari.in Monday, Mar 11, 2024 - 11:21 AM (IST)

लखनऊ: यूपी में विधान परिषद चुनाव का आज यानि 11 मार्च को आखिरी दिन है। इसी बीच एनडीए की सहयोगी ओमप्रकाश राजभर की पार्टी सुभासपा ने अपना उम्मीदवार उतार दिया है। सुभासपा ने मऊ के रहने वाले विच्छेलाल राजभर को MLC चुनाव के लिए अपना प्रत्याशी बनाया है। बताया जा रहा है कि धनबल-बाहुबल को दरकिनार कर सुभासपा ने अपने पुराने कार्यकर्ता विच्छेलाल राजभर को MLC बनाने का फैसला लिया।

कौन हैं विच्छेलाल राजभर?
सुभासपा के द्वारा बनाए गए इस प्रत्याशी को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। आपको बता दें कि सुभासपा द्वारा MLC चुनाव में प्रत्याशी बनाए गए विच्छेलाल राजभर मऊ के रहने वाले हैं। उनका जन्म 1973 में हुआ था। परिवार में पत्नी समेत दो बेटियां और दो बेटे हैं।  विच्छेलाल ने ब्लॉक अध्यक्ष के पद से अपना सियासी सफर शुरू किया था। इसके बाद वह सुभासपा में पूर्वांचल अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। बकौल ओमप्रकाश राजभर- वह (विच्छेलाल) बीते 21 सालों से पार्टी की सेवा कर रहे हैं। सामान्य पृष्ठभूमि वाले नेता को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने अपने समाज के साथ-साथ दूसरे वर्गों के लिए भी काफी काम किया है। उनके योगदान को देखते हुए ही पार्टी ने विच्छेलाल राजभर पर भरोसा जताया है।

गौरतलब है कि सुभासपा की स्थापना के समय से ही विच्छेलाल पार्टी से जुड़े हुए हैं। वह सुभासपा में 2003 को शामिल हुए फिर निम्न पदों की जिम्मेदारियां निभाईं- 

  •  जिला प्रमुख महासचिव (मऊ) 10 दिसंबर 2003 से 04 अप्रैल 2005 तक 
     
  • जिला पंचायत का चुनाव लड़ा, काफी कम वोट से हार मिली थी। 
     
  • जिला अध्यक्ष (मऊ) 05 अप्रैल 2005 से लगातार  2016 तक
     
  • मंडल महासचिव (आजमगढ़) 01 जनवरी 2017 से 30 दिसंबर 2018 तक
     
  •  प्रदेश संगठन मंत्री (उत्तर प्रदेश) 05 जनवरी 2018 से 01 जून 2022 तक 
     
  • प्रदेश अध्यक्ष (पूर्वांचल) मुख्य  कमेटी, 01 जुलाई 2022 से अब तक 

मालूम हो कि उत्तर प्रदेश में 13 विधान परिषद की सीटों के लिए चुनाव होने जा रहा है। 11 मार्च को नामांकन करने की आखिरी दिन है और 12 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। यूपी सरकार में मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि आज के चुनाव में एनडीए के 10 उम्मीदवार उतरेंगे जिसमें 7 बीजेपी के, एक अपना दल से आशीष पटेल और सुभासपा और आरएलडी से भी एक-एक उम्मीदवार होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Imran

Recommended News

Related News

static