शोभित ठाकुर मर्डर केस: पुलिस मुठभेड़ में चारों आरोपी गिरफ्तार, शहर छोड़कर भागने की फिराक में थे इनामी
punjabkesari.in Monday, Oct 06, 2025 - 04:30 PM (IST)

Moradabad News: बजरंग दल से जुड़े 10वीं कक्षा के छात्र शोभित ठाकुर की हत्या के चारों नामजद आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। रविवार को हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में चारों आरोपी घायल हुए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी शहर छोड़कर भागने की कोशिश कर रहे थे। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने जानकारी दी कि 29 सितंबर को शोभित की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और चारों अभियुक्तों पर ₹25,000 का इनाम घोषित था।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
पुलिस को रविवार सुबह सूचना मिली कि आरोपी शहर से बाहर भागने की फिराक में हैं। इसके बाद दो अलग-अलग जगहों पर मुठभेड़ हुई: पहली मुठभेड़ कल्याणपुर इलाके में हुई जहां अक्कू शर्मा और जतिन उर्फ लाला घायल हुए। दूसरी मुठभेड़ कटघर थाना क्षेत्र के गोट गांव के पास हुई, जिसमें अविनाश और रोहित घायल हुए। चारों आरोपियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है हत्या की पृष्ठभूमि?
हत्या का कारण चार महीने पहले इंस्टाग्राम पर हुए एक विवाद को बताया जा रहा है। शोभित ठाकुर और आरोपी अविनाश के बीच सोशल मीडिया पर बहस हुई थी, जो बाद में रंजिश में बदल गई। हत्या वाले दिन, शोभित अपने दोस्तों के साथ चाय की दुकान पर खड़ा था, तभी आरोपी वहां पहुंचे। अक्कू शर्मा ने पहले बहस की, फिर जबरन बाइक की चाबी छीनी और गोली चला दी, जिससे शोभित की मौके पर ही मौत हो गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान-
- अविनाश
- अक्कू शर्मा
- जतिन उर्फ लाला
- रोहित
चारों के खिलाफ पहले से नामजद मुकदमा दर्ज था।