स्वामी प्रसाद मौर्य ने ब्राह्मण और क्षत्रियों पर दिया विवादित बयान, कहा- ''''10 साल का ब्राह्मण 100 क्षत्रिय का पिता होता है''''
punjabkesari.in Monday, Oct 06, 2025 - 02:03 PM (IST)

अमेठी: अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य एक बार फिर सुर्खियों में आ गए है। उन्होंने एक बार फिर विवादित बयान दिया है और योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। मौर्य ने ब्राह्मण और क्षत्रियों पर बयान दिया है। उन्होंने कहा, 10 साल का ब्राह्मण 100 क्षत्रिय का पिता होता है। वहीं, उन्होंने ये भी कहा कि सरकार हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद के मुद्दों को बनाए रखना चाहती है और इसे कभी खत्म नहीं होने देना चाहती।
बता दें कि स्वामी प्रसाद मौर्य रविवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचे। यहां पर मंच से संबोधित करते हुए मौर्य ने कहा, संस्कृति में श्लोक पढ़ते हुए उसका हिंदी में अनुवाद करते हुए कहा कि 10 साल का ब्राह्मण 100 साल के क्षत्रिय का पिता होता है। बता दें कि इससे पहले भी स्वामी प्रसाद मौर्य ने कई विवादित बयान दिए है।
''भाजपा को हराने के लिए गठबंधन भी करेंगे''
इसके अलावा मौर्य ने आगामी 2027 को होने वाले चुनाव के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, हम सभी सीटों पर चुनाव लड़ने को तैयार हैं, लेकिन अगर भाजपा को हराने के लिए गठबंधन करना पड़ेगा तो वो भी करेंगे। धर्म को लेकर कहा कि देश को आजाद कराने के लिए कई लोगों ने कुर्बानियां दी हैं, लेकिन धर्म का चोला पहनकर देश के साथ धोखा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जो देश कभी अखंड था उसको खंड-खंड करना चाहते हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह देश भारतीय संविधान से चलेगा, किसी ढोंगी के कहने से नहीं चलेगा। वहीं, उन्होंने सरकार की नीतियों पर भी तंज कसा है और योगी सरकार पर जमकर हमला बोला।