चुनाव जीतना या हारना महत्वपूर्ण नहीं, बल्कि देश को जोड़ना जरूरी, बरेली में बोले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद

punjabkesari.in Sunday, Dec 11, 2022 - 02:35 AM (IST)

बरेली: पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा है कि चुनाव जीतना या हारना महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि देश को जोड़ना जरूरी है। हाल में संपन्न हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी की हार पर खुर्शीद ने कहा कि कांग्रेस का वोट आम आदमी पार्टी (आप) को चला गया और यह चिंता का विषय है कि हमारा वोट केजरीवाल के पास कैसे पहुंच गया।

प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत करने शनिवार बरेली पहुंचे पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया और पत्रकारों से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, '' इस यात्रा की जरूरत इसलिए पड़ी है, क्योंकि देश खंडित हो रहा है, देश में दूरियां बढ़ रही हैं। चुनाव से ज्यादा जरूरी देश को जोड़ना है।'' गुजरात में हार पर सलमान खुर्शीद ने कहा, ‘‘हमारा वोट आप को चला गया, इसलिए हारना चिंता की बात नहीं है, चिंता की बात यह है कि हमारा वोट केजरीवाल को कैसे गया।''

हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को किसी भी दुस्साहस के विरूद्ध चेतावनी देते हुए उत्‍तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष खुर्शीद ने कहा, ''भाजपा अगर हिमाचल में फायदा उठाने की सोच रही है तो वह अपने मुंह पर कालिख पोतने का काम करेगी।'' उन्होंने कहा कि "भारत जोड़ो यात्रा" देश को जोड़ने के लिए है। उन्होंने कहा, "पिछले 10 सालों में लोगों के बीच दूरी आ गई है। इसलिए देश को एकजुट करना चुनाव जीतने या हारने से ज्यादा महत्वपूर्ण है।"

खुर्शीद ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के उस बयान पर निशाना साधा जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस अपना वजूद खो चुकी है। खुर्शीद ने कहा कि ऐसा वही कह सकते हैं जिन्हें भारतीय भूगोल की जानकारी नहीं है, आज भी देश के कई प्रांतों में भाजपा नहीं है। उन्होंने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया का जो वजूद कांग्रेस में था वह अब भाजपा में नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static