''मड़वा हिलाने'' में चाचा की अजीब डिमांड से भड़क गई दुल्हन, विदाई से किया इंकार — बारात में मचा हंगामा, बुलानी पड़ी पुलिस
punjabkesari.in Monday, Nov 24, 2025 - 07:32 AM (IST)
Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में एक शादी के दौरान अजीब और विवादित मामला सामने आया। जहां दहेज की मांग इतनी असामान्य थी कि दुल्हन ने विदाई से पहले ही ससुराल जाने से मना कर दिया और नतीजा यह हुआ कि शादी मौके पर ही टूट गई। बारात खाली हाथ वापस लौट गईं। मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना सरायमीर कस्बे की है, जहां एक युवती की शादी जौनपुर के जैतपुर कस्बे के युवक से एक साल पहले तय हुई थी। शनिवार को बारात धूमधाम से दुल्हन के घर पहुंची। स्वागत-सत्कार और जयमाला की रस्में पूरी हुईं, माहौल खुशी से भरा हुआ था।
जूता चुराई रस्म से शुरू हुआ विवाद
जूता चुराई रस्म के दौरान दुल्हन पक्ष ने 20 हजार रुपए की मांग रखी। थोड़ी बहस के बाद दूल्हा पक्ष ने यह रकम दे दी। मामला यहीं थमने की बजाय और बढ़ गया। 'मड़वा हिलाने' की रस्म के दौरान दूल्हे के चाचा ने एक भैंस और एक लाख रुपए की मांग कर दी। यह अचानक और अनुचित मांग देख दुल्हन और उसके परिवार के लोग हैरान रह गए।
दुल्हन ने विदाई से किया इंकार
दुल्हन पक्ष ने पहले समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन दूल्हे का परिवार अपनी मांग पर अड़ा रहा। दुल्हन गुस्से में आ गई और दो टूक कह दिया कि वह ऐसे लालची ससुराल में कदम नहीं रखेगी। उसने शादी तोड़ने का फैसला सुना दिया। बारातियों में माहौल गर्म हो गया और कई लोग धीरे-धीरे कार्यक्रम स्थल से चले गए।
बीच-बचाव में आई पुलिस
सरायमीर थानाध्यक्ष निहारनंदन कुमार मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों से बात कर घटनाक्रम को समझा। पुलिस ने समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन दूल्हा पक्ष पीछे नहीं हटा। आखिरकार दूल्हा बिना दुल्हन के बारात लेकर वापस लौट गया। दुल्हन पक्ष का कहना है कि वे ऐसे लालची परिवार में बेटी नहीं भेज सकते।
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने दोनों पक्षों से लिखित बयान लिए हैं। दहेज की मांग और विवाद की जांच जारी है। जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

