सूजी आंखें, लाल चेहरा, आवाज में कंपन...संत प्रेमानंद महाराज की हालत देख भक्त हुए इमोशनल, Video देख आप भी रो पड़ेंगे
punjabkesari.in Tuesday, Oct 07, 2025 - 07:33 PM (IST)

वृंदावन : राधारानी के परम भक्त संत प्रेमानंद महाराज आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में भक्त उनके दर्शन के लिए रात्रि पदयात्रा में आते हैं। हर दिन रात 2 बजे निकलने वाली उनकी रात्रि दर्शन पदयात्रा भक्तों के लिए आस्था और भक्ति का विशेष अवसर होती थी। यह पदयात्रा अचानक रोके जाने से हजारों की संख्या में श्रद्धालु श्रीकृष्ण शरणम् सोसाइटी से लेकर श्री हित राधा केली कुंज आश्रम तक के रास्ते पर खड़े होकर हर रोज उनके दर्शन के लिए आतुर नजर आए, मगर उन्हें संत के दर्शन नहीं हो सके।
संत की हालत देख भक्त हुए इमोशनल
संत प्रेमानंद महाराज सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं। वे अपने सत्संग के माध्यम से लोगों को सांसारिक और आध्यात्मिक जीवन का ज्ञान देते हैं। अक्सर, प्रेमानंद महाराज से सत्संग के बाद श्रद्धालु अपनी तमाम तरह की समस्याओं को लेकर सवाल पूछते हैं, जिसका संत बहुत ही सहजता से उत्तर देते हैं। मगर, अभी संत का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा है। इससे लाखों भक्त उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता में हैं। हालांकि, अब उनके ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल bhajanmarg_official पर एक वीडियो पोस्ट किया गया है। इस वीडियो में संत की हालत देख भक्त भावुक हो गए।
अब इस हाल में महाराज
bhajanmarg_official द्वारा शेयर किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महाराज अपने भक्तों को ज्ञान तो दे रहे हैं, मगर उनकी आंखें सूजी हुई हैं। जिसकी वजह से आंखें खुल नहीं पा रही हैं। चेहरा एक दम सुर्ख लाल दिखाई दे रहा है। आवाज भी कंपकंपा रही है, लेकिन ऐसी स्थिति में भी वह अपने भक्तों को प्रवचन देने के लिए देर रात बैठे। उन्होंने इस दौरान बताया कि आखिर कष्ट में भी भक्त सेवा क्यों कर रहे हैं?
'यह हमारा अभ्यास बन चुका'
वीडियो में प्रेमानंद महाराज ने कहा, 'यह हमारा अभ्यास बन चुका है। हम कितने भी कष्ट में क्यों ना हों ये अभ्यास नहीं छूटता। वह आगे कहते हैं कि जब तक वह अपने आराध्य को याद नहीं कर लेते उन्हें चैन नहीं पड़ता है। ईश्वर आपका श्रम देखकर खुश होते हैं कामचोरी से नहीं। जब ईश्वर आपका श्रम देखते हैं तभी वह हाथ पकड़ते हैं।
वीडियो देख भक्त दे रहे तरह-तरह की प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर वीडियो देख एक यूजर ने कहा कि गुरुजी आप थोड़ा आराम कर लीजिए। वहीं एक अन्य यूजर ने कहा कि आपको इस हालत में देखकर मन दुखी हो रहा है। एक और यूजर ने लिखा, 'यह चेहरा देखकर हम लोगों का चेहरा खिल जाता था। मगर, आज संत का चेहरा देखकर पीड़ा हुई।'